Chakradharpur: जिला प्रशासन के निर्देश पर चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र की तीन खुदरा दवा दुकानों का ड्रग्स निरीक्षक ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण का उद्देश्य नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर निगरानी रखना, औषधि भंडारण व्यवस्था का मूल्यांकन करना तथा दवा दुकानों का विधिसम्मत संचालन सुनिश्चित करना था.
कफ सिरप की विशेष जांच की गई
निरीक्षण के दौरान नशे के दुरुपयोग में प्रयुक्त होने वाली दवाओं एवं कोडीन युक्त कफ सिरप की विशेष जांच की गई, जांच में ऐसी कोई दवा नहीं मिली. दवाओं की खरीद, बिक्री और स्टॉक से संबंधित अभिलेखों का सत्यापन भी किया गया, जो नियमानुसार एवं संतोषजनक पाए गए। दवा एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप दवाओं का भंडारण भी सही पाया गया. हालांकि, एक दवा दुकान में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक को नियमित सफाई रखने और ढक्कनयुक्त डस्टबिन का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का निर्देश दिया गया. वहीं, तीनों दुकानों में अग्निशामक यंत्र नहीं मिलने पर सभी संचालकों को शीघ्र इसकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए. एक दुकान में सीसीटीवी कैमरा भी नहीं पाया गया, जिसके बाद चार दिनों के भीतर कैमरा लगाकर विभाग को सूचना देने का निर्देश दिया गया. शेष दो दुकानों में सीसीटीवी कैमरे कार्यरत मिले.
ALSO READ: बोकारो: कार्मेल स्कूल बोकारो थर्मल में प्राइज नाइट का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र सागर कुमार को मिला 7000 का चेक

दुकानों में दुष्प्रभाव और रोकथाम संबंधी जागरूकता पोस्टर दिखे
निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध दवा कारोबार का मामला सामने नहीं आया. सभी दुकानों में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं रोकथाम संबंधी जागरूकता पोस्टर भी प्रदर्शित पाए गए. ड्रग्स निरीक्षक ने दवा विक्रेताओं को निर्देश दिया कि अवैध दवा बिक्री या नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों या निकटतम पुलिस थाना को दें. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में औषधि दुकानों का नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा, ताकि सुरक्षित एवं कानूनसम्मत दवा वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके.


