Hazaribagh: शांति, सौहार्द और सुकून भरे माहौल के लिए पहचाना जाने वाला हजारीबाग शहर आज एक गहरी चिंता के दौर से गुजर रहा है. यहां की ठंडी हवाएं, भाईचारा और सांस्कृतिक गौरव कभी इसकी पहचान हुआ करते थे. खासकर रामनवमी जैसे पर्व, जो पूरे शहर को एक सूत्र में बांधते थे, अब आत्ममंथन का कारण बनते नजर आ रहे हैं.

रामनवमी की घटनाओं ने झकझोरा
हाल की घटनाओं से शहर के लोग स्तब्ध हैं. रामनवमी के दौरान जो घटनाएं सामने आईं, उन्होंने पूरे हजारीबाग को झकझोर कर रख दिया. आज भी लोगों के दिल में यह टीस बनी हुई है कि जब एक ओर लोग मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव मना रहे थे, उसी समय कहीं किसी मां का बेटा जिंदगी से हार रहा था, किसी बहन का भाई हमेशा के लिए उससे दूर हो रहा था और किसी पत्नी का सुहाग उजड़ रहा था. एक ओर उत्सव का माहौल था, तो दूसरी ओर कई घरों में मातम पसरा हुआ था.
समाज में खतरनाक बदलाव के संकेत
इन घटनाओं से साफ संकेत मिल रहा है कि समाज के भीतर कुछ गंभीर रूप से बदल रहा है. जब युवा बिना सोचे समझे हिंसा का रास्ता अपनाने लगते हैं, तो यह केवल एक घटना नहीं होती, बल्कि यह बिगड़ती मानसिक स्थिति का संकेत होता है.
नशा और लॉटरी का बढ़ता प्रभाव
यह घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि आखिर क्यों युवा आक्रामक और असंवेदनशील होते जा रहे हैं. पिछले कुछ वर्षों में शहर में एक खतरनाक बदलाव देखने को मिला है. ब्राउन शुगर का फैलता जाल और अवैध लॉटरी का बढ़ता प्रभाव युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है. ये दोनों न केवल सामाजिक ताने-बाने को कमजोर कर रहे हैं, बल्कि युवाओं की मानसिक स्थिति को भी प्रभावित कर रहे हैं.
युवाओं की सोच पर असर
ब्राउन शुगर जैसे नशे इंसान की सोचने समझने की क्षमता को धीरे धीरे खत्म कर देते हैं. सही और गलत का अंतर धुंधला पड़ जाता है. वहीं लॉटरी आसान पैसे का लालच देकर युवाओं को मेहनत के रास्ते से भटका रही है. जब नशा और लालच एक साथ आते हैं, तो इसका असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज में असंतुलन पैदा करता है.
हिंसा की ओर बढ़ता रुझान
जब किसी युवा की मानसिक स्थिति नशे और लालच के प्रभाव में अस्थिर हो जाती है, तो वह जल्दबाजी में फैसले लेने लगता है. गुस्से पर नियंत्रण नहीं रख पाता और धीरे धीरे हिंसा की ओर बढ़ने लगता है. यही कारण है कि छोटी घटनाएं भी बड़े विवाद का रूप ले रही हैं.
अब जागने की जरूरत
यह केवल कानून व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के कमजोर होने का संकेत है. शहर के बुजुर्गों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाला समय और अधिक गंभीर हो सकता है. अब जरूरत है कि समाज मिलकर आगे आए और युवाओं को सही दिशा दिखाए.
हजारीबाग की पहचान बचाने की चुनौती
हजारीबाग केवल एक शहर नहीं, बल्कि पहचान, विरासत और भविष्य का प्रतीक है. सवाल यह है कि क्या हम इसे यूं ही बदलते हुए देखते रहेंगे या इसे बचाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करेंगे. अब समय है समझने का, संभलने का और बदलाव लाने का.
