Seraikela: भीषण गर्मी, 41 डिग्री तापमान और उमस भरे मौसम के बीच पिछले एक सप्ताह से बिजली संकट झेल रहे चांडिल प्रखंड अंतर्गत चिलगु कॉलोनी के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है. आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं स्थानीय समाजसेवी हरे लाल महतो के प्रयास और सहयोग से क्षेत्र में 200 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है. इसे लेकर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले से लगा 100 KVA का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था. इसके बाद विभाग द्वारा पुनः 100 KVA का ही ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन अधिक लोड के कारण वह भी कुछ दिनों के भीतर खराब हो गया. लगातार ट्रांसफार्मर खराब रहने से पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था चरमरा गई थी.
भीषण गर्मी में लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी
भीषण गर्मी में सैकड़ों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की स्थिति काफी दयनीय हो गई थी.
ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में 100 KVA क्षमता का ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं था. बार-बार ओवरलोड होकर ट्रांसफार्मर जल जा रहा था. लोगों ने कई बार बिजली विभाग से 200 KVA का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.
हरे लाल महतो ने लिया संज्ञान
समस्या की जानकारी मिलने पर हरे लाल महतो ने तत्काल बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से संपर्क किया. उन्होंने क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराते हुए तुरंत 200 KVA का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग रखी. महतो के लगातार प्रयास और दबाव के बाद विभाग ने प्रस्ताव को मंजूरी दी.
बुधवार को नया 200 KVA का ट्रांसफार्मर चिलगु कॉलोनी पहुंच गया. विभागीय कर्मियों द्वारा स्थापना का कार्य शुरू कर दिया गया है. उम्मीद है कि आज शाम तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी.
ALSO READ: सीमित संसाधनों से रचा इतिहास, जिला टॉपर अनुपम लाहा को हरे लाल महतो ने किया सम्मानित
ग्रामीणों ने जताया आभार
ट्रांसफार्मर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने हरे लाल महतो का आभार जताया. वार्ड सदस्य ने कहा, “7 दिनों से हम लोग गर्मी में तड़प रहे थे. बच्चे बीमार पड़ रहे थे. हरे लाल जी ने हमारी आवाज सुनी और 24 घंटे के अंदर समाधान कराया. अब 200 KVA लगने से लंबे समय तक बिजली की समस्या नहीं होगी.”
हरे लाल महतो ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं के लिए वह हमेशा तत्पर हैं. गर्मी में बिजली-पानी जैसी समस्या पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने विभाग से अनुरोध किया कि भविष्य में लोड के अनुसार ट्रांसफार्मर लगाए जाएं ताकि लोगों को बार-बार परेशानी न हो.
