पलामू:पांकी के दबे-कुचले लोगों की आवाज थे कामरेड आरएन सिंह, श्रद्धांजलि समारोह में याद किए गए संघर्ष

Palamu: जिले के पांकी के गरीबों, मजदूरों, किसानों और दबे-कुचले लोगों की आवाज बनकर जीवनभर संघर्ष करने वाले दिवंगत कॉमरेड आरएन सिंह...

Palamu: जिले के पांकी के गरीबों, मजदूरों, किसानों और दबे-कुचले लोगों की आवाज बनकर जीवनभर संघर्ष करने वाले दिवंगत कॉमरेड आरएन सिंह की स्मृति में रविवार को तरवाडीह में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण भी किया गया. समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उनके संघर्षमय जीवन को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए.

गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए किया संघर्ष

वक्ताओं ने कहा कि कॉमरेड आरएन सिंह केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पांकी के उन लोगों की आवाज थे, जिनकी आवाज अक्सर सत्ता और व्यवस्था के शोर में दब जाती थी. उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में मजदूर-किसानों, गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया. जमींदारी प्रथा और शोषण के खिलाफ आंदोलनों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई तथा विपरीत परिस्थितियों में भी अपने विचारों और संघर्ष के रास्ते से कभी पीछे नहीं हटे.

बीमारी के बावजूद जनआंदोलनों से जुड़े रहे

श्रद्धांजलि संदेश में कहा गया कि बीमारी और स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों के बावजूद कॉमरेड आरएन सिंह जनआंदोलनों और पार्टी के कार्यक्रमों से जुड़े रहे. पांकी में सांप्रदायिक तनाव के कठिन दौर में भी उन्होंने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी एकता के लिए मजबूती से आवाज उठाई.

प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को देगी प्रेरणा

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि आरएन सिंह का जीवन संघर्ष और जनप्रतिबद्धता की मिसाल रहा है. उनकी प्रतिमा का अनावरण केवल एक स्मारक का निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष, विचार और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास है. उनके अधूरे सपनों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.

समारोह में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाकपा माले के महासचिव कॉमरेड दीपंकर भट्टाचार्य तथा विशिष्ट अतिथि कॉमरेड चंद्रदेव महतो, विधायक सिंदरी विधानसभा सहित क्षेत्रीय विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, उपप्रमुख अमित चौहान, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. लवली गुप्ता, माले नेता बीएन सिंह, लेस्लीगंज-सतबरवा भाकपा माले प्रखंड सचिव कमेश सिंह चेरो, मुखिया प्रतिनिधि हफीजुल अंसारी, रफीक अंसारी, नेहाल अंसारी, श्यामनंदन ओझा, अनारिक राम, लखन कुमार समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे. श्रद्धांजलि समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि पांकी के दबे-कुचले, गरीब और वंचित तबकों के हक की लड़ाई में कॉमरेड आरएन सिंह का योगदान लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा. उनकी प्रतिमा अब उनके संघर्ष और विचारों की गवाही देती रहेगी.

ALSO READ: प्री-वेडिंग शूट के बहाने कोलकाता के फोटोग्राफरों को रांची बुलाया, होटल से 12 लाख के हाई-टेक कैमरे उड़ाए

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *