Hazaribagh: कटकमसांडी चौक और आसपास के बाजार क्षेत्र में रविवार को प्रशासन ने अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया. बीडीओ पूजा कुमारी, अंचल अधिकारी अनिल गुप्ता एवं थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से चौक और बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क पर दुकान लगाकर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि दुकानदार अपनी दुकान की निर्धारित सीमा के अंदर ही सामान रखें और सड़क की ओर अनावश्यक रूप से दुकान को आगे नहीं बढ़ाएं.

सड़क पर दुकान लगाने से प्रभावित होता है आवागमन
प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क आम लोगों के आवागमन के लिए है. सड़क पर दुकान का सामान, ठेला या अन्य सामग्री फैलाकर अतिक्रमण करने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है. साथ ही चौक पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती है. इसलिए सभी दुकानदार अपनी दुकान जितनी जगह में है, उतनी ही जगह में व्यवसाय करें और सड़क की ओर अतिरिक्त जगह पर कब्जा नहीं करें. अधिकारियों ने मौके पर ही सड़क की ओर बढ़ाए गए सामान को पीछे हटाने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे सब्जी बेच रही महिलाओं को भी प्रशासन ने सख्त हिदायत दी. अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर सब्जी की दुकान लगाकर बिक्री करने के बजाय साप्ताहिक बाजार के लिए निर्धारित स्थान पर ही सब्जी बेचें. सड़क पर दुकान लगाने से आवागमन प्रभावित होता है और लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बार-बार समझाने के बावजूद यदि सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने की शिकायत मिलती है तो आगे कार्रवाई की जा सकती है.
बाजार क्षेत्र में कचरा फैलाने पर भी सख्ती
अतिक्रमण के साथ-साथ प्रशासन ने कटकमसांडी बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर भी दुकानदारों और होटल संचालकों को चेतावनी दी. अधिकारियों ने कहा कि कई दुकानदार और होटल संचालक दुकान या होटल से निकलने वाले कचरे को बाजार क्षेत्र में ही इधर-उधर फेंक देते हैं, जिससे बाजार में गंदगी फैलती है और लोगों को परेशानी होती है. प्रशासन ने दुकानदारों और होटल मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाजार क्षेत्र में खुले में कचरा फेंकना तत्काल बंद करें. कचरे को जहां-तहां फेंकने के बजाय उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था करें. अधिकारियों ने कहा कि व्यवसाय करने के साथ आसपास साफ-सफाई रखना भी व्यवसायियों की जिम्मेदारी है. अपनी दुकान और प्रतिष्ठान के आसपास नियमित रूप से सफाई रखें तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें.
आगे कार्रवाई की दी चेतावनी
प्रशासन ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह अभियान केवल समझाने तक सीमित नहीं रहेगा. यदि आगे भी सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने, आवागमन बाधित करने या बाजार क्षेत्र में कचरा फेंकने की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से कटकमसांडी चौक के दुकानदारों और बाजार क्षेत्र में व्यवसाय करने वाले लोगों के बीच हड़कंप देखा गया. अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करने और कटकमसांडी चौक को अतिक्रमणमुक्त एवं बाजार क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की.प्रशासन का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण और बाजार में गंदगी की समस्या का समाधान सामूहिक सहयोग से ही संभव है. दुकानदार यदि अपनी निर्धारित सीमा में दुकान लगाएं और साफ-सफाई का ध्यान रखें तो आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बाजार का वातावरण भी बेहतर होगा.
ALSO READ : पलामू:पांकी के दबे-कुचले लोगों की आवाज थे कामरेड आरएन सिंह, श्रद्धांजलि समारोह में याद किए गए संघर्ष

