Ranchi : सिविल कोर्ट रांची के एमपी/एमएलए के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी सार्थक शर्मा की अदालत में पूर्व मंत्री सह विधायक सरयू राय से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक मामला में सुनवाई हुई. मामले में स्वास्थय कर्मी शंभु सिंह को आरोपी बनाने को लेकर अभियोजन की ओर से दाखिल याचिका पर पूर्व मंत्री सह विधायक सरयू राय की ओर से जबाव देने के लिए अदालत ने समय दिया है. अगली सुनवाई 29 जून को होगी. गोपनीय दस्तावेज लीक करने के मामले में अभियोजन की ओर से स्वास्थय कर्मी शंभु सिंह को आरोपी बनाने को लेकर याचिका दाखिल की गयी है.
क्या है मामला
स्वास्थय विभाग के पूर्व अपर सचिव ने डोरंडा थाना में 2022 में सरयू राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी. जिसमें गोपनीय दस्तावेज को लीक करने का आरोप लगाया गया था. सिविल कोर्ट रांची के एमपी/एमएलए के विशेष अदालत ने आपराधिक साजिश रचकर स्वास्थय चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग से संचिका के गोपनीय पन्नों की चोरी करने के आरोप में विधायक सरयू राय के खिलाफ दाखिल की गयी चार्जशीट पर संज्ञान लिया था.

चार्जशीट में क्या है
आरोप पत्र में तत्कालीन स्वास्थय मंत्री बन्ना गुप्ता के आप्त सचिव आसिफ एकराम सहित छह गवाहों के नाम शामिल हैं. मामले में एमपी/एमएलए के विशेष न्यायाधीश की कोर्ट में ट्रायल चल रहा है. जिसमें आइओ सहित 12 लोगों की गवाही हो चुकी है. जांच पूरी करते हुए आइओ दारोगा नागेश श्रीवास्तव ने करीब ढाई साल बाद अपराध को सही पाते हुए अदालत में षडयंत्र और विभिन्न धाराओं के अलावा गोपनीय दस्तावेज लीक की धारा तहत प्राथमिकी दर्ज की है. विधायक सरयू राय ने गोपनीय दस्तावेज को हासिल कर बाद में मीडिया को जानकारी दी थी. जिसमें त्तकालीन स्वास्थय मंत्री बन्ना गुप्ता पर पद का दुरूपयोग करते हुए विभाग के 60 कमर्चारियों को प्रोत्साहन राशि भुगतान करने का आरोप लगाया था. उसके बाद ही सरयू राय के खिलाफ डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.
ALSO READ : रांची: ACB के विशेष लोक अभियोजक विनीत वशिष्ठ की गाड़ी में टक्कर, हत्या की आशंका जताई


