Dhanbad: धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो और निरसा के भाकपा (माले) विधायक अरूप चटर्जी के बीच जारी सियासी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है. अब इस हाई-प्रोफाइल विवाद में दुबई में बैठे अपराधी प्रिंस खान का नाम भी जुड़ गया है. दोनों नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर प्रिंस खान से जुड़े होने और धमकी मिलने के आरोपों के बीच, सोशल मीडिया पर प्रिंस खान का एक कथित ऑडियो संदेश तेजी से वायरल हो रहा है. इस कथित ऑडियो ने धनबाद की कोयलांचल राजनीति में नया उबाल ला दिया है. ऑडियो में गैंगस्टर ने साफ तौर पर कहा है, हम राजनीति नहीं, रक्तनीति करते हैं.

बॉडीगार्ड लेने के लिए दोनों नेता कर रहे ड्रामा
वायरल हो रहे इस कथित ऑडियो संदेश में प्रिंस खान ने दोनों ही जनप्रतिनिधियों को निशाने पर लिया है. ऑडियो में वह यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी जो भी दावे कर रहे हैं, वे पूरी तरह बकवास हैं. न मैंने विधायक अरूप चटर्जी को कोई धमकी दी है और न ही ढुलू महतो को. ये विधायक सिर्फ सरकारी बॉडीगार्ड और सुरक्षा लेने के लिए इस तरह का नाटक कर रहे हैं. हम जिसे भी धमकी देते हैं, अपने दुबई वाले नंबर से देते हैं और बकायदा नाम लेकर देते हैं. ये नेता कोई तीसमार खान नहीं हैं, जिनसे हमारा कोई लेना-देना हो.
पढ़ें क्या कह रहा प्रिंस खान कथित वायरल ऑडियो में
हम प्रिंस खान दुबई से बोल रहे हैं. ये जो दोनों नेता (सांसद ढुलू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी) बोल रहा है सारा बकवास कर रहा है. न हम विधायक अरूप चटर्जी को धमकी दिए हैं और न ढुलू महतो को. ये विधायक बॉडीगार्ड लेने के लिए ड्रामा कर रहा है. हम जिसको भी धमकी देते हैं दुबई वाला नंबर से देते हैं और नाम लेकर धमकी देते हैं. ये कोई तीसमार खान नहीं है. इससे कोई लेना देना नहीं है, जिसको हम धमकी देंगे. दोनों आपस में लड़ रहा है. बकवास कर रहा है. बीच में हमको लाकर राजनीति कर रहा है. मिर्ची इस बात की लगी हैं कि छोटा जाति का आदमी सांसद कैसे बन गया. अरे यही सांसद है ढुलू महतो जो धनबाद से पूरा माफियागिरी खत्म किया. जितना कोयला माफिया था. जब मेंशन के लोग झरिया में लूट रहा था तो अरे तुम कहां थे. उस टाइम तुम्हारा आवाज नहीं निकल रहा था. आज ई तुम लोगों का बाप बन गया तो मिर्चा लग रहा है. जितना कोयला माफिया था, सबको ठीकाना लगाया था सांसद ढुलू महतो.
यह भी पढ़ें: गुमला: पालकोट में ज्वेलरी व्यवसायी से करीब 30 लाख के आभूषण की लूट, हवाई फायरिंग कर फरार हुए अपराधी
आपस की लड़ाई में मुझे बीच में घसीटा जा रहा है
कथित ऑडियो में प्रिंस खान ने दोनों नेताओं पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि दोनों नेता आपस में लड़ रहे हैं और बेवजह बीच में उसका नाम घसीटकर राजनीति कर रहे हैं. ऑडियो में जातिगत और माफियागिरी के समीकरणों का जिक्र करते हुए कहा गया है.
प्रिंस खान ने कहा- ढुल्लू महतो ने धनबाद में माफियागिरी किया खत्म
ऑडियो के अनुसार, कुछ लोगों को इस बात की “मिर्ची” लगी हुई है कि एक छोटे तबके का व्यक्ति ढुल्लू महतो धनबाद का सांसद कैसे बन गया. हैरान करने वाली बात यह है कि ऑडियो में कथित तौर पर सांसद ढुलू महतो का पक्ष लेते हुए कहा गया है कि इसी सांसद ने धनबाद से पूरा कोयला माफिया खत्म किया. जब ‘मेंशन’ के लोग झरिया में लूट मचा रहे थे, तब इन नेताओं की आवाज नहीं निकल रही थी. आज जब ढुलू महतो मजबूत स्थिति में आ गए हैं, तो सबको परेशानी हो रही है. उन्होंने ही कोयला माफियाओं को ठिकाने लगाया था.
क्या है पूरा विवाद?
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी के बीच तीखी जुबानी जंग चल रही है. दोनों नेताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें दुबई से गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा धमकियां मिल रही हैं. इसके साथ ही दोनों ने एक-दूसरे पर प्रिंस खान को राजनीतिक संरक्षण देने का संगीन आरोप भी मढ़ा था. हालांकि, इस वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है.


