Gumla: पालकोट मुख्य बाजार स्थित माही ज्वेलर्स के मालिक से मंगलवार शाम हथियार के बल पर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए गए. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस अपराधियों की तलाश कर रही है. जानकारी के अनुसार माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी (पिता- विष्णु सोनी) मंगलवार शाम करीब सात बजे अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से अपने निवास स्थान पालकोट बस्ती जा रहे थे. इसी दौरान भीमो कंसारी के घर के समीप, जो घनी आबादी वाला क्षेत्र माना जाता है, पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने उन्हें रोक लिया. अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर डराया और सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया. बताया जाता है कि लूटे गए आभूषणों की कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपये के बीच है. मनीष सोनी द्वारा विरोध किए जाने पर अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पालकोट बस स्टैंड होते हुए गुमला की ओर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पालकोट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस द्वारा संभावित मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी माही ज्वेलर्स की दुकान में लूट की घटना हो चुकी है. लगातार दूसरी बार हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: भाजपा की कोर कमेटी में गूंजा कानून-व्यवस्था, JPSC और किसानों का दर्द, सांगठनिक ढांचे को धार देने पर जोर



