Ranchi: भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य रहे दीपक प्रकाश ने अपना कार्यकाल पूरा होने पर पार्टी नेतृत्व, झारखंड के नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में जब पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताते हुए उन्हें राज्यसभा भेजा, तो वह उनके जीवन का बेहद भावुक और गर्व का क्षण था.
जिम्मेदारी उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि संगठन और राष्ट्र की सेवा का पवित्र अवसर था
दीपक प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और झारखंड के सभी नेताओं-कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि राज्यसभा में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ झारखंड की आवाज़ उठाने का प्रयास किया. सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में रखने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि संगठन और राष्ट्र की सेवा का पवित्र अवसर था. दीपक प्रकाश ने कार्यकर्ताओं के सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए भी आभार जताया और कहा कि उन्हीं के समर्थन से वह इस दायित्व का निर्वहन कर सके. दीपक प्रकाश ने कहा कि आगे भी वह एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में मां भारती, संगठन और जनता की सेवा में पूरी निष्ठा से जुटे रहेंगे.

AlsoRead:प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़े फागुना गंझू और सुनील गंझू को HC से बेल


