Chakradharpur: चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में कार्यरत अनुबंध एएनएम एवं विभिन्न गांवों की सहिया कर्मियों के पिछले छह माह से लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा का समर्थन मिला. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली एएनएम एवं सहिया कर्मियों को समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है. सरकार को उनकी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अविलंब लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए.
ANM और सहिया कर्मियों की मांगों को बताया जायज
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि एएनएम एवं सहिया कर्मियों की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है. ये महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. लगातार सेवा देने के बावजूद वेतन का लंबित रहना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि उनकी जायज मांगों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा. भाजपा जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने कहा कि पार्टी हमेशा जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के साथ खड़ी है. उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग एवं सरकार तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा, ताकि उन्हें शीघ्र न्याय मिल सके.

कार्यक्रम में ये लोग रहें मौजूद
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, भाजपा महिला प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में एएनएम और सहिया कर्मी उपस्थित रहे. सभी ने एक स्वर में लंबित वेतन भुगतान की मांग को उचित बताते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की.
मुख्य मांगें :
- पिछले छह माह का लंबित वेतन भुगतान.
- अनुबंध एएनएम एवं सहिया कर्मियों की आर्थिक समस्याओं का समाधान.
- स्वास्थ्य कर्मियों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा.
- समय पर मानदेय एवं वेतन भुगतान सुनिश्चित करना.


