Click Here
Click Here
Click Here

हजारीबाग में विभागीय समन्वय से विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार: DC

Hazaribagh: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक का...

हजारीबाग में विभागीय समन्वय से विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

Hazaribagh: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़ी योजनाओं एवं विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना था. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण कई महत्वपूर्ण योजनाएं समय पर पूरी नहीं हो पाती हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें. बैठक में जनता दरबार एवं पीजी पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई. इसके अलावा स्वास्थ्य, नगर निगम, वन एवं पर्यावरण, भवन निर्माण, समाज कल्याण, विद्युत, कृषि, भू-संरक्षण, पशुपालन, जेएसएलपीएस, खाद्य आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, खेल एवं सहकारिता विभाग से जुड़े लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

स्वास्थ्य विभाग को 15 जुलाई तक कई कार्य पूरे करने का निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बड़कागांव के गोंदलपुरा में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण के लिए भूमि संबंधी समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया. उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) को 15 जुलाई तक भूमि का ले-आउट तैयार कराने को कहा. साथ ही इचाक प्रखंड के बोंगा स्वास्थ्य उपकेंद्र को 15 जुलाई तक चालू करने तथा जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों में बिजली, पेयजल एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया. समाज कल्याण विभाग की समीक्षामें भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पोषक क्षेत्र के समीप उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया गया. वहीं विद्युत विभाग को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन एवं नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया.

कृषि विभाग को नियुक्ति और बीज वितरण में तेजी लाने का निर्देश

उपायुक्त ने कृषि विभाग को एटीएम एवं बीटीएम की नियुक्ति के लिए शीघ्र विज्ञापन प्रकाशित करने तथा सभी प्रखंडों में बीज वितरण की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा के दौरान नए गोदामों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के गोदामों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया.

पेंशन और मईया सम्मान योजना की होगी गहन जांच

सामाजिक सुरक्षा विभाग को पेंशन स्वीकृति प्रक्रिया में पूरी सावधानी बरतने तथा मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के अयोग्य लाभुकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ केवल पात्र लोगों तक पहुंचे. उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें और पठन-पाठन की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करें. साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों के नियमित संचालन एवं मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा. उन्होंने प्रखंड स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए उपलब्ध संसाधनों एवं संभावित गतिविधियों की भी जानकारी ली.

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से पूरा करने का निर्देश

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गंभीरतापूर्वक निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, डीएफओ उज्ज्वल कुमार, अपर समाहर्ता महेंद्र छोटन उरांव, सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, एसडीओ जोहन टुडू, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

ALSO READ : पलामू: सिक्का गांव में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, पीड़ित परिवार से मिलीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमला कुमारी

WhatsApp-Image-2026-06-15-a
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *