Latehar: लातेहार डीसी संदीप कुमार ने लातेहार प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, उपस्थिति एवं अभिलेख संधारण का जायजा लिया. इस क्रम में उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी की जांच की तथा कैश बुक का भी अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने सभी कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया. उपायुक्त ने पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पंचायत सचिवालय में ही नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करें, ताकि कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके. साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो भी JE और AE अपने विभाग में स्थापित हैं, लेकिन उनकी प्रतिनियुक्ति संबंधित प्रखंड-अंचल में है, उनकी अनुपस्थिति का विवरण प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा भेजे जाने के बाद ही डीडीओ द्वारा उनके वेतन का भुगतान किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : धनबाद : बिजली पोल से गिरकर कर्मचारी लहूलुहान, करंट या लू का कहर? जांच में उलझा विभाग
डीसी ने सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में मौजूद रहने का दिया निर्देश
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को समय पर कार्यालय खोलने एवं निर्धारित समय पर उपस्थित रहने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कार्य संस्कृति में सुधार एवं अनुशासन बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है.

मंडल कारा का भी किया निरीक्षण
लातेहार प्रखंड के निरीक्षण के बाद डीसी संदीप कुमार लातेहार के मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारा परिसर में कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने कैदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि कैदियों को सुधारात्मक वातावरण प्रदान करना आवश्यक है, जिससे वो समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने महिला वार्ड का भी अवलोकन किया तथा वहां की व्यवस्था, सुरक्षा एवं स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने महिला कैदियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें : पारा शिक्षक आंदोलन: सरकार-शिक्षक वार्ता सकारात्मक, 42 हजार नौकरियां सुरक्षित रखने का भरोसा

डीसी ने कैदियों के पुनर्वास पर दिया जोर
उपायुक्त ने कैदियों के पुनर्वास के लिए उन्हें विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण (स्किल डेवलपमेंट) उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि रिहाई के बाद वे आत्मनिर्भर बन सकें. उन्होंने कारा प्रशासन को निर्देशित किया कि कैदियों को दी जा रही सभी सुविधाएं नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाए. मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, अंचल अधिकारी लातेहार नंद कुमार राम और प्रखंड विकास पदाधिकारी लातेहार मनोज तिवारी उपस्थित थे.

