Ranchi: बरियातू के जोड़ा तालाब स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बुजुर्ग महिला से चेन लूट की घटना के मामले में बरियातू पुलिस ने उत्तर प्रदेश के जिला शिवली, थाना झिनझाना, ग्राम मस्तानगढ़ निवासी प्रवीण कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से एक दिल्ली से चोरी की गई बाइक और लूटा गया सोने जैसा गले का चेन बरामद किया है. जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया. ये लोग इसी बाइक से लुधियाना और मोहाली में भी चैन छिनतई कर चुके हैं.
02 अगस्त को जोड़ा तालाब स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से चेन लूट ली थी तथा कान की बाली लूटने का भी प्रयास किया था.मामले में बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान हरिहर सिंह रोड स्थित मंडा टांड़ के पास संदिग्ध बाइक सवारों का पीछा किया गया. पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिसमें एक आरोपी को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया.
राज्य के विभिन्न जिलों में कर चुके है छिनतई

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ झारखंड के विभिन्न जिलों में चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी. पुलिस के अनुसार आरोपी का संबंध रांची के सदर, लालपुर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चेन स्नेचिंग की घटनाओं से भी जुड़ा है.फरार आरोपी की तलाश जारी है.
ALSO READ: स्वास्थ्य विभाग सख्त: कोरोना काल में लगे 54 पीएसए ऑक्सीजन प्लांटों को चालू कराने का एक्शन प्लान हुआ तैयार
