Giridih:उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को कोनार प्रमंडल बगोदर एवं कोनार प्रमंडल डुमरी क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं को योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया.

विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने विभिन्न स्थलों पर चल रहे निर्माण कार्यों की भौतिक स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने, तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही तय करते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए.
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. उपायुक्त ने दोहराया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और सभी परियोजनाओं को तय समय के भीतर पूर्ण करना अनिवार्य है.
