Dhanbad : जिले से एक बार फिर कोयला के अवैध कारोबार को लेकर गैंगवार की खबर सामने आई है. कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान में बुधवार देर रात कोयला कारोबार में वर्चस्व कायम करने के लिये दो गुट आपस में भिड़ गए. दोनों तरफ से हुई अंधाधुंध गोलीबारी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस अचानक हुए गैंगवार से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सहमे हुए हैं.

आधी रात को स्कॉर्पियो से आये हमलावर, मस्जिद के पास मचाया तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार देर रात करीब एक बजे की है. छाताबाद मैदान की तरफ से एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर कुछ हथियारबंद अपराधी पहुंचे. अपराधियों ने कैलूडीह मस्जिद भवन के समीप पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुए इस हमले के बाद दूसरे गुट के लोगों ने भी मोर्चा संभाल लिया और जवाबी गोलीबारी शुरू कर दी. दोनों ओर से दर्जनों राउंड गोलियां चलीं. जिसकी आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा. रात के सन्नाटे में हुई इस भारी गोलीबारी के कारण आसपास के घरों में रह रहे लोग डर के मारे दुबक गए.
गोलीबारी में तीन लोग घायल, एक की हालत नाजुक
इस हिंसक झड़प और अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आने से तीन लोग लहूलुहान हो गए. घायलों में मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव और एक अन्य व्यक्ति शामिल है
पुलिस महकमे में हड़कंप, छावनी में बदला इलाका
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए धनबाद पुलिस प्रशासन तुरंत रेस हो गया. सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के कई अन्य थानों की पुलिस को भी घटना स्थल पर बुला लिया गया. गैंगवार के बाद इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए कैलूडीह और छाताबाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पुलिस की टीमें घटना स्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हैं.
