Dhanbad: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में इस शैक्षणिक सत्र से MBBS की 50 अतिरिक्त सीटों पर दाखिले की उम्मीद फिलहाल खत्म हो गई है. नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने कॉलेज में निर्धारित संख्या में फैकल्टी उपलब्ध नहीं होने का हवाला देते हुए 100 से 150 सीट करने के प्रस्ताव को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है. अब कॉलेज में पहले की तरह केवल 100 MBBS सीटों पर ही नामांकन होगा.
NMC ने फैकल्टी की कमी को बताया मुख्य वजह
NMC के नियमों के अनुसार किसी भी मेडिकल कॉलेज में MBBS सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए सभी विभागों में निर्धारित संख्या में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट का होना अनिवार्य है. निरीक्षण के दौरान कॉलेज में फैकल्टी की कमी पाई गई, जिसके आधार पर आयोग ने सीट विस्तार के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया.
प्रोन्नति प्रक्रिया में देरी बनी बाधा
स्वास्थ्य विभाग ने फैकल्टी की कमी दूर करने के लिए प्रोन्नति प्रक्रिया शुरू की थी और योग्य चिकित्सकों से आवेदन भी आमंत्रित किए गए थे. हालांकि आरोप है कि धनबाद सिविल सर्जन कार्यालय स्तर पर लापरवाही के कारण कई आवेदनों को समय पर आगे नहीं भेजा गया.इसके चलते आवश्यक पद नहीं भर सके और कॉलेज में फैकल्टी की संख्या निर्धारित मानक तक नहीं पहुंच पाई.
ALSO READ: हजारीबाग : विभावि में M.Ed. (2026–28) पाठ्यक्रम के लिए 50 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ
50 छात्रों का मौका फिलहाल टला
यदि समय रहते फैकल्टी के रिक्त पद भर दिए जाते, तो इसी शैक्षणिक सत्र से SNMMCH में 50 अतिरिक्त छात्रों को MBBS में प्रवेश का अवसर मिल सकता था. लेकिन फैकल्टी की कमी के कारण सीट विस्तार की योजना फिलहाल अगले चरण तक टल गई है, अब कॉलेज में इस सत्र में केवल 100 सीटों पर ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
