Ranchi: रांची में 19 जुलाई को होने वाली झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी, जिसके मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों के साथ प्रशासन ने समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने की. बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधा, समय पर परीक्षा संचालन और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. सभी केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा के दौरान आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया.
यह भी पढ़ें: ‘सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ का कमाल: NEET-2026 में पूनम, ऋषि और फिरदौस ने लहराया परचम, CM का सपना हुआ साकार
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और अनुशासित माहौल में संपन्न कराई जाएगी तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश पर सख्त कार्रवाई होगी. बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, भूमि सुधार उप समाहर्ता बुंडू छविबाला बारला सहित परीक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे. जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा के दिन समय से केंद्र पहुंचें, सभी निर्धारित नियमों का पालन करें और परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें, ताकि परीक्षा का संचालन बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक कराया जा सके.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग: होमवर्क नहीं बनाने पर शिक्षक का कहर, डंडे की पिटाई से चौथी कक्षा का छात्र घायल; मामला पहुंचा थाना
