News Desk: आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में लोग अपने व्यस्त शेड्यूल के बीच भी आस्था से जुड़े रहने की कोशिश करते हैं. यही वजह है कि कई लोग हनुमान चालीसा को जेब या बैग में रखते हैं, ताकि मौका मिलते ही उसका पाठ कर सकें. हालांकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसके पाठ और साथ रखने को लेकर कुछ जरूरी नियम बताए गए हैं, जिनका ध्यान रखना बेहद आवश्यक माना जाता है.
मान्यता है कि इन नियमों का पालन करने पर ही हनुमान चालीसा के पाठ का पूर्ण लाभ मिलता है. ऐसे में आइए जानते हैं सफर के दौरान इसे साथ रखने का सही तरीका और पाठ से जुड़े जरूरी नियम.
क्या सफर में हनुमान चालीसा साथ रखना सही?
यात्रा के दौरान हनुमान चालीसा साथ रखना पूरी तरह सही माना जाता है, लेकिन इसकी पवित्रता और सम्मान का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसे एक साफ लाल या पीले कपड़े में लपेटकर रखना शुभ माना जाता है.
साथ ही, यात्रा के दौरान कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए. जैसे शौचालय जाने के बाद बिना हाथ धोए या अशुद्ध अवस्था में इसे छूने से बचें. इसके अलावा, जहां मांसाहारी भोजन बन रहा हो या रखा गया हो, वहां इसे ले जाने से भी परहेज करना चाहिए.
“हनुमान चालीसा पाठ का सही तरीका: जानें जरूरी नियम और विधि”
हनुमान चालीसा का पाठ सिर्फ पढ़ना भर नहीं, बल्कि एक तरह की साधना माना जाता है. इसलिए इसे करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.

पाठ शुरू करने से पहले भगवान श्रीराम का स्मरण करना शुभ माना जाता है, क्योंकि मान्यता है कि राम नाम के बिना हनुमान जी की उपासना अधूरी रहती है. सीधे चौपाइयों से शुरुआत करने के बजाय पहले प्रारंभिक दोहा “श्रीगुरु चरन सरोज रज…” का पाठ करना जरूरी होता है.
इसके अलावा, हनुमान चालीसा का पाठ 1, 3, 7, 9 या 11 बार करना शुभ माना गया है. पाठ के दौरान ध्यान भंग न हो, इसके लिए बीच में बातचीत करने से बचें और पूरी एकाग्रता के साथ पाठ करें.
इन बातों का रखें खास ध्यान
हनुमान चालीसा के प्रति सम्मान बनाए रखने के लिए कुछ सावधानियां जरूरी मानी जाती हैं:
- हनुमान चलीसा को चमड़े से बनी चीज़ों जैसे वॉलेट या बैग में रखने से बचें.
- गंदे या इस्तेमाल किए हुए कपड़े/पॉलिथीन में लपेटकर न रखें, हमेशा साफ कपड़े का उपयोग करें.
- पाठ करते समय बहुत ऊंची आवाज का प्रयोग न करें, शांत और मधुर स्वर में पढ़ना बेहतर माना जाता है.
- तामसिक चीजों जैसे मांस या शराब से दूरी बनाकर ही पाठ करना उचित समझा जाता है.
- अगर सफर में शारीरिक रूप से शुद्ध रहना संभव न हो, तो बिना छुए मन ही मन स्मरण करें या मोबाइल के माध्यम से सुन सकते हैं.
