Koderma: कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड की दशारो पंचायत स्थित पुरनी बखरी गांव में हाथी के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान 45 वर्षीय सोहवा देवी, पति मेहलाल यादव के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार महिला गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के पास शौच के लिए खेत की ओर जा रही थी. इसी दौरान झाड़ियों में पहले से मौजूद हाथी अचानक उनके सामने आ गया. हाथी को देखकर महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने अपनी सूंड़ से उठाकर उन्हें पटक दिया.
ग्रामीणों के शोर मचाने पर भागा हाथी
हाथी महिला पर दोबारा हमला करता, उससे पहले वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई. ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद हाथी वहां से जंगल की ओर चला गया.
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया.
ALSO READ: विधानसभा चुनाव परिणाम 2026: बंगाल में पिछड़ गई TMC, असम में BJP की लहर और दक्षिण में बदलाव के संकेत
