Hazaribagh: केरेडारी NTPC परियोजना के अंतर्गत BGR माइंस में मजदूरों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर इंटक और प्रबंधन के बीच महत्वपूर्ण वार्ता हुई. बैठक में मजदूरों के वेतन, हाई पावर कमेटी (HPC) की सिफारिशों के अनुरूप भुगतान और स्किल अपग्रेडेशन सहित कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. प्रबंधन ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए इनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल का आश्वासन दिया.

मजदूरों के अधिकारों को लेकर यूनियन ने रखा पक्ष
वार्ता में इंटक और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश प्रवक्ता सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुरजीत नागवाला ने किया. उन्होंने कहा कि खदान में कार्यरत मजदूरों के अधिकारों और हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने प्रबंधन से मजदूरों की जायज मांगों का समयबद्ध समाधान करने की मांग रखी.कांग्रेस जिला प्रवक्ता मनोज नारायण भगत ने मजदूरों के कल्याण, कार्यस्थल पर सुरक्षा और उन्हें मिलने वाले वैध अधिकारों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया.
HPC की दरों के अनुसार वेतन भुगतान की मांग
बैठक में मजदूरों को नियमानुसार हाई पावर कमेटी की निर्धारित दरों के अनुरूप वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. यूनियन ने मजदूरों को उनके अधिकार के अनुसार पारिश्रमिक दिलाने पर जोर दिया.BGR प्रबंधन की ओर से एचआर प्रमुख श्रीनिवास राव ने यूनियन प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुना और व्यावहारिक समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया.
बड़ी संख्या में मजदूर और यूनियन पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में इंटक प्रदेश सचिव धीरज सिंह, BGR यूनिट अध्यक्ष परमेश्वर कुमार और कांग्रेस जिला प्रवक्ता मनोज नारायण भगत सहित बड़ी संख्या में मजदूर, यूनियन पदाधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे. इनमें सुनील कुमार, तथागत विजित, रॉकी सिन्हा, मंटू सिंह, रामधारी यादव, जितेंद्र गोस्वामी, संदीप सिंह, प्रमोद सिंह, मणिलाल वर्मा, संतोष गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, दिलीप यादव, पंकज पासवान और मनोज कुमार समेत अन्य लोग शामिल थे.

