Hazaribagh: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों को लेकर हजारीबाग नगर निगम ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है. निगम ने स्पष्ट किया है कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की सुविधा नि:शुल्क है. इसके लिए किसी कर्मचारी, बिचौलिए या अन्य व्यक्ति को पैसे देने की जरूरत नहीं है.

पैसे मांगने पर सीधे महापौर कार्यालय में करें शिकायत
महापौर अरविंद कुमार राणा ने नागरिकों से अपील की है कि प्रमाण पत्र बनवाने के लिए किसी बिचौलिए के चक्कर में न पड़ें और अनावश्यक राशि का भुगतान न करें. यदि कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति प्रमाण पत्र जारी करने के बदले पैसे की मांग करता है, तो इसकी शिकायत सीधे महापौर कार्यालय में की जा सकती है. उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है.
इन दस्तावेजों से किया जा सकता है आवेदन
जन्म प्रमाण पत्र के लिए संबंधित अस्पताल का प्रमाण पत्र, वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र या स्थानीय निवास से संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है. नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं.
नर्सिंग होम को भी ऑनलाइन सुविधा
नगर निगम ने विभिन्न नर्सिंग होम को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के लिए ID और पासवर्ड उपलब्ध कराया है. इसके जरिए जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जा रहा है. महापौर ने कहा कि नगर निगम की सेवाओं को लेकर किसी नागरिक को परेशानी हो या किसी स्तर पर अवैध राशि की मांग की जाए, तो तत्काल शिकायत करें. निगम प्रशासन का लक्ष्य लोगों को बिना परेशानी और अतिरिक्त शुल्क के जरूरी नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना है.
ALSO READ: बोकारो: बोकारो थर्मल में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस ने की पैदल गश्ती

