Hazaribagh: वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरकट्ठा वन परिसर अंतर्गत सलैया मौजा में संचालित एक अवैध आरा मशीन पर छापेमारी की. गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में विभागीय टीम ने आरा मशीन का एक पूरा सेट तथा 25 पीस चिरान पटरा जब्त किया. कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया.

गुप्त सूचना पर हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, बरही प्रक्षेत्र के वन क्षेत्र पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि सलैया मौजा में बिना अनुमति के अवैध रूप से आरा मशीन संचालित की जा रही है, जहां जंगलों से लाई गई लकड़ियों की कटाई कर चिरान तैयार किया जा रहा है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया.
यह भी पढ़ें: तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण मोदी निलंबित, लगातार शिकायतों के बाद एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई
प्रभारी वनपाल के नेतृत्व में पहुंची टीम
छापेमारी अभियान का नेतृत्व प्रभारी वनपाल पंकज कुमार ने किया. इस दौरान वन विभाग की टीम ने मौके से मशीन सेट एवं तैयार चिरान पटरा जब्त कर लिया. कार्रवाई में वनरक्षी राजेंद्र कुमार, अमन कुमार, सिकंदर कुमार, कृष्णा प्रसाद, सिकंदर नायक, भोला कुमार, विद्याभूषण, गोपी पासवान, वीरेंद्र कुमार, संजीत कुमार, आशीष कुमार और चेतन कुमार सहित अन्य दैनिक कर्मी शामिल थे.
अवैध कारोबारियों में दहशत
वन विभाग की लगातार सक्रियता से क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इलाके में चोरी-छिपे लकड़ी कटाई और चिरान का काम चल रहा था, लेकिन हाल के दिनों में विभाग की सक्रियता बढ़ने से ऐसे कारोबारियों पर दबाव बना है.
“वन संपदा की लूट किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं”
वन क्षेत्र पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जंगलों की अवैध कटाई और लकड़ी कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
दोषियों पर दर्ज होगा केस, आगे भी की जाएगी कार्रवाई
वन विभाग ने बताया कि इस मामले में संलिप्त सभी लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत वनवाद दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. विभाग का कहना है कि आगे भी क्षेत्र में नियमित छापेमारी अभियान चलाकर अवैध आरा मशीनों पर कार्रवाई की जाएगी.
