Hazaribagh : हजारीबाग जिले भर में भीषण गर्मी के कारण बढ़े बिजली संकट को दूर करने की दिशा में बिजली विभाग ने अब ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. महाप्रबंधक (जीएम) बिजली, हजारीबाग ने विभाग की तकनीकी चुनौतियों और उनके समाधान की पूरी रूपरेखा सामने रखते हुए भरोसा दिलाया कि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलेगी.

जीएम ने बताया कि इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के कारण पूरे जिले में बिजली की मांग और खपत में अचानक 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है. बढ़े हुए लोड के कारण ट्रांसफार्मरों और सब-स्टेशनों पर अत्यधिक दबाव बन रहा है, जिससे कई प्रमुख लाइनों में लगातार तकनीकी खराबियां और फ्यूज उड़ने की समस्या सामने आ रही है. उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण इलाकों के कई घने आबादी वाले क्षेत्रों में दिनभर में 10 से 15 बार तक फ्यूज बदलने की स्थिति बन रही है. सुरक्षा मानकों के तहत हर बार फ्यूज जोड़ने के लिए पीछे से बिजली आपूर्ति रोकनी पड़ती है, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार कटौती का सामना करना पड़ता है.
नई कार्ययोजना से मिलेगी राहत
जीएम ने बताया कि विभाग ने अब बिजली आपूर्ति को अधिक व्यवस्थित और स्थिर बनाने के लिए नई कार्ययोजना तैयार की है. अब छोटे-मोटे मेंटेनेंस और फ्यूज बदलने के लिए अलग-अलग बार लाइन काटने के बजाय “इंटीग्रेटेड मेंटेनेंस सिस्टम” लागू किया जाएगा. इसके तहत एक ही बार शटडाउन लेकर संबंधित रूट की सभी जरूरी मरम्मत, फ्यूज बदलने और तकनीकी खामियों को एक साथ दुरुस्त किया जाएगा. इससे उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और अनावश्यक कटौती से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
लोड मैनेजमेंट प्लान पर भी काम तेज
जीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि बढ़ते लोड को नियंत्रित करने और लोड शेडिंग कम करने के लिए ग्रिड स्तर पर विशेष “संतुलित लोड मैनेजमेंट प्लान” पर तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में इसका सकारात्मक असर जमीन पर दिखने लगेगा और बिजली व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक स्थिर होगी.
युद्धस्तर पर चल रहा काम
बिजली जीएम ने भरोसा दिलाया कि गर्मी के इस कठिन दौर में बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहा है.
