Latehar: झारखण्ड की डीजीपी तदाशा मिश्रा शुक्रवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत लातेहार जिले के दौरे पर पहुंची. डीजीपी के लातेहार आगमन पर जिला पुलिस प्रशासन द्वारा उनका स्वागत किया गया. लातेहार पहुंचने पर एसपी कुमार गौरव के द्वारा डीजीपी को पुष्प गुच्छ भेंट कर जिले में उनका स्वागत किया गया. इसके बाद सर्किट हाउस में लातेहार पुलिस के जवानों द्वारा डीजीपी को पारंपरिक और ससम्मान गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.


विधि व्यवस्था को लेकर डीजीपी ने की समीक्षा बैठक:
एसपी कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक में डीजीपी साथ मुख्य रूप से डीआईजी किशोर कौशल, एसपी कुमार गौरव और जिले के सभी डीएसपी और थाना उपस्थित थे. बैठक के दौरान डीजीपी ने जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने मुख्य रूप से निम्नलिखित संवेदनशील मुद्दों पर समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. डीजीपी के द्वारा जिले में उग्रवाद और संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई. डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उग्रवादियों और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए और उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए. इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने और जिले में भयमुक्त वातावरण बनाने पर विशेष जोर दिया गया.

नशाखोरी के खिलाफ अभियान:
युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के लिए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ा अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की बात कही गई. बैठक के अंत में डीजीपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और मजबूत हो सके.
