Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं और धांधली के मामले में CID ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. इस मामले में एक बड़ा कदम उठाते हुए CID की टीम JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से गहन पूछताछ कर रही है. एल. ख्यांगते आज सुबह CID कार्यालय पहुंचे. वहां लगातार पूछताछ जारी है. CID में एक IPS, DSP और इंस्पेक्टर पूछताछ कर रहे हैं. CID में अधिकारियों की एक विशेष टीम पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से लगातार सवाल-जवाब कर रही है.
परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कई सवाल
परीक्षा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों, कॉपियों के मूल्यांकन और चयन प्रक्रिया में संभावित राजनीतिक व प्रशासनिक हस्तक्षेप को लेकर अधिकारियों ने पूर्व अध्यक्ष के सामने कई तीखे सवाल रखे हैं. CID की इस कार्रवाई का दायरा केवल पूछताछ तक ही सीमित नहीं रहा. जांच एजेंसी ने आज कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. छापेमारी के दौरान टीम परीक्षा से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड्स को खंगाल रही है. इस अचानक हुई छापेमारी से प्रशासनिक महकमे और जेपीएससी के गलियारों में हड़कंप मच गया है.

पहले ही दे चुके हैं इस्तीफा
JPSC परीक्षा में धांधली को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था. अभ्यर्थियों और विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे थे. चौतरफा बढ़ते दबाव और जांच की आंच अपने तक आते देख एल. ख्यांगते ने हाल ही में जेपीएससी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. उनके इस्तीफे के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि CID जल्द ही उन पर शिकंजा कस सकती है.
