Lohardaga: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने बुधवार को शहर स्थित विक्टोरिया बड़ा तालाब पहुंचकर बोटिंग का आनंद लिया. इस दौरान उन्होंने तालाब की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया और इसके संरक्षण व पर्यटन विकास पर जोर दिया. उनके आगमन पर स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया. पत्रकारों से बातचीत में धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि विक्टोरिया बड़ा तालाब लोहरदगा की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहर है. इसका समुचित विकास होने पर यह जिले का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है. उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर दिया बल
उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छता, सुरक्षा, बेहतर रखरखाव और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है. तालाब के आसपास सौंदर्यीकरण और पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित किए जाने से यहां आने वाले लोगों की संख्या बढ़ेगी. उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों और प्राकृतिक धरोहरों की सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की.

जिले को नई पहचान दिलाने की बात कही

धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा प्राकृतिक संसाधनों और ऐतिहासिक स्थलों से समृद्ध जिला है. इन स्थलों का योजनाबद्ध विकास कर जिले को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाई जा सकती है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इस दिशा में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया.
कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, हाजी जब्बारुल अंसारी, नगर परिषद के उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, इंतियाज़ अंसारी सहित कई गणमान्य लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभी ने तालाब के विकास और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया.
ALSO READ : कोडरमा: तिलैया थाना से चंद कदम पर अवैध शराब पैकिंग का आरोप, बिहार भेजी जा रही शराब


