Giridih: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा आईपीएल की तर्ज पर पहली बार आयोजित की जा रही झारखंड T20 लीग (J-T20) में गिरिडीह जिले के युवा क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है. लीग के पहले सीजन की नीलामी में जिले के चार होनहार खिलाड़ियों का चयन विभिन्न फ्रेंचाइजियों द्वारा किया गया है.

80 हजार रुपये में कुमार अंकित रांची टाइटंस में हुए शामिल
नीलामी में गिरिडीह के कुमार अंकित को रांची टाइटंस ने 80 हजार रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जबकि प्रेम कुमार चौरसिया को 50 हजार रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा गया. वहीं, रौनक कुमार को 65 हजार रुपये और शद्दाब हुसैन को 50 हजार रुपये के बेस प्राइस पर संथाल स्ट्राइकर्स ने अपनी टीम का हिस्सा बनाया है.
झारखंड T20 लीग का यह पहला संस्करण
गिरिडीह के चार खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है. स्थानीय लोगों ने इसे जिले की क्रिकेट प्रतिभा के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है और खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर गिरिडीह का नाम पूरे राज्य में रोशन करने की शुभकामनाएं दी हैं. गौरतलब है कि झारखंड T20 लीग का यह पहला संस्करण राज्य क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है. टूर्नामेंट के सभी मुकाबले रांची स्थित प्रतिष्ठित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे, जहां राज्य के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
यह भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी को झारखंड भेजें, हम देंगे सुरक्षा और बेहतर इलाज : इरफान अंसारी
