Jamtara : गांधी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 20वीं जूनियर झारखंड राज्य बालिका खो-खो प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हो गया. प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में रांची की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ को पराजित कर खिताब अपने नाम किया. रामगढ़ की टीम उपविजेता रही, जबकि खूंटी ने तीसरा और मेजबान जामताड़ा ने चौथा स्थान प्राप्त किया. समापन समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक एवं पूर्व खो-खो खिलाड़ी नीलम कुजूर तथा साइबर पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को शील्ड, मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया. प्रतियोगिता में झारखंड के 16 जिलों की बालिका टीमों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. तीन दिनों तक चले इस राज्य स्तरीय आयोजन में खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना ने दर्शकों का मन मोह लिया. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में किया जाएगा.
मुख्य अतिथि नीलम कुजूर ने कहा
मुख्य अतिथि नीलम कुजूर ने कहा कि राज्य स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं खेल प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और यहां की बेटियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं. उन्होंने कहा कि जामताड़ा जैसे जिले में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल है. रांची टीम की खिलाड़ी आकांक्षा कच्छप ने जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा लड़कियों को खेलों में लगातार प्रोत्साहन दिया जा रहा है. इसी प्रोत्साहन का परिणाम है कि आज ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की बेटियां खेल के मैदान में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं. उन्होंने सरकार से खिलाड़ियों के लिए और अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. डी.डी. भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” और बेटियों को आगे बढ़ाने के संदेश का प्रभाव खेलों में भी दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आई लड़कियों ने साबित कर दिया कि अवसर मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के माध्यम से राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया. प्रतियोगिता के दौरान व्यक्तिगत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए. रोशनी लकड़ा को बेस्ट चेजर, अंजली कुमारी को बेस्ट रनर तथा शीतल कुमारी को बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि झारखंड की बेटियों में अपार खेल प्रतिभा मौजूद है. यदि उन्हें उचित प्रशिक्षण, संसाधन और मंच मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य और देश का नाम गौरवान्वित कर सकती हैं.

Also Read : 20वीं जूनियर झारखंड राज्य बालिका खो-खो प्रतियोगिता का समापन, रांची बनी चैंपियन
