Giridih: जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, पचंबा में शुक्रवार को प्रधानाचार्य केशव कुमार के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिवार, जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रभारी शिक्षकों ने उनके लंबे शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी.
नए प्रभारी को सम्मानित कर नई जिम्मेदारी के लिए दी गई शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नए प्रभारी के रूप में हेमंत कुमार कोले ने पदभार ग्रहण किया. विद्यालय प्रबंधक एस. कुमार एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य केशव कुमार ने उन्हें सम्मानित कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. उपस्थित शिक्षकों ने भी उनके सफल कार्यकाल की कामना की. विदाई समारोह में गिरिडीह जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए प्राचार्यों एवं प्रभारी शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही. सभी ने केशव कुमार के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की.

बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए
समारोह को विद्यार्थियों ने भी यादगार बना दिया. बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए आकर्षक नृत्य एवं मधुर गीतों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. कार्यक्रम का सफल संचालन रणधीर राय ने किया. अंत में सभी शिक्षकों एवं अतिथियों ने सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य को स्मृति-चिह्न एवं शुभकामनाएं भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वहीं नए प्रभारी प्रधानाचार्य का स्वागत कर विद्यालय के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: JPSC में कथित गड़बड़ी के खिलाफ चतरा में BJYM का मशाल जुलूस, CM से इस्तीफे की मांग
