Giridih: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), जमुआ में शुक्रवार को जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ (BBBP) अभियान के तहत पौधारोपण, साइबर जागरूकता और बाल संरक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा बालिका सशक्तिकरण का संदेश दिया.
पौधारोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ हुई. छात्राओं और अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह एक पौधे की देखभाल जरूरी है, उसी तरह प्रत्येक बालिका की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.
साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी
साइबर जागरूकता कार्यशाला में छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग और ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई. छात्राओं को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, निजी जानकारी सुरक्षित रखने और साइबर अपराध की स्थिति में 1930 साइबर हेल्पलाइन एवं www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई.

बाल अधिकार और सुरक्षा पर हुई चर्चा
कार्यशाला के दौरान बाल विवाह, बाल मजदूरी, मानव तस्करी, बाल अधिकार और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई. छात्राओं को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने के लिए प्रेरित किया गया.
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में छात्राओं को बताया गया. उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, शिक्षा हासिल करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह से बिक्कु कुमार यादव, विकास कुमार, नीलम मंडल और अर्चना कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव, बाल विवाह और बाल मजदूरी उन्मूलन, मानव तस्करी रोकथाम तथा बालिका सशक्तिकरण का सामूहिक संकल्प लिया.
ALSO READ: चाईबासा: श्रावणी मेला सुरक्षा से लेकर नशे के कारोबार तक, DC-SP ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

