Godda: जिले के हनवारा थाना क्षेत्र के हीर करहरिया गांव में मंगलवार की देर शाम बच्चों के खेल के दौरान हुए विवाद में एक 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही हनवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
बच्चों की गेंद को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे बच्चों की गेंद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट में बदल गया. आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने इसराफिल अंसारी के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. परिजन आनन-फानन में उन्हें रेफरल अस्पताल महागामा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा मौत का वास्तविक कारण
अस्पताल प्रभारी डॉ. खालिद अंजुम ने बताया कि मृतक के हाथ पर नीला निशान पाया गया है. प्रथम दृष्टया अंदरूनी चोट के कारण मौत की आशंका है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. मृतक के भांजे हारून पहलवान ने आरोप लगाया, कि घटना के पीछे पुराना जमीन और रास्ते का विवाद भी कारण हो सकता है. हनवारा थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर: SIR-2026 के तहत SDO ने कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, BLO को दिए आवश्यक निर्देश
