Hazaribagh: संजय सिंह स्टेडियम में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के तत्वावधान में आयोजित सीमा देसाई महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार देर रात रोमांचक अंदाज में समापन हो गया. फ्लड लाइट की रोशनी में खेले गए इस टूर्नामेंट ने न सिर्फ खेल प्रेमियों को आकर्षित किया, बल्कि महिला क्रिकेट को जिले में एक नई पहचान भी दिलाई. पूरे प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली और हर मुकाबले में प्रतिस्पर्धा का उच्च स्तर नजर आया.
फाइनल मुकाबला टाई, सुपर ओवर में टीम येलो की जीत
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. टीम येलो और टीम ब्लू के बीच खेले गए इस मैच में अंत तक जीत-हार का फैसला नहीं हो सका. टीम येलो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 109 रन बनाए और 8 विकेट गंवाए. जवाब में टीम ब्लू ने भी 109 रन बनाकर 6 विकेट खोए. मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर का सहारा लिया गया, जिसमें टीम येलो ने संयमित खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की और चैंपियन का खिताब अपने नाम किया. टीम ब्लू को उपविजेता से संतोष करना पड़ा.
अतिथियों ने विजेताओं को किया सम्मानित
समापन समारोह में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, JSCA चेयरमैन अजय नाथ शाहदेव, JSCA सचिव सौरभ तिवारी एवं संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम उपस्थित रहे. अतिथियों ने विजेता टीम येलो को ट्रॉफी प्रदान की और टीम ब्लू को उपविजेता के रूप में सम्मानित किया.
ALSO READ: फ्लड लाइट में सीमा देसाई महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, सुपर ओवर में टीम येलो बनी चैंपियन
महिला क्रिकेट को मिलेगा नया मंच
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग में फ्लड लाइट के बीच इस स्तर का महिला क्रिकेट टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न होना जिले के लिए गर्व की बात है. इससे स्थानीय महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है.
JSCA चेयरमैन अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए संघ लगातार प्रयासरत है. JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने इसे खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया, वहीं शाहबाज नदीम ने कहा कि बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है.
आयोजन में कई लोगों का रहा योगदान
टूर्नामेंट के सफल संचालन में कोच शुभलक्ष्मी शर्मा, सीमा सिंह, आशा सिंह, कविता रॉय, राजकुमार, प्रकाश मुंडा, सनी गुप्ता एवं जसकरण सिंह की अहम भूमिका रही. खिलाड़ियों की फिटनेस के लिए प्रशिक्षक महादेव सिंह एवं अनिकेश कुमार, जबकि फिजियो पूजा दत्ता एवं अमना ओबैद ने योगदान दिया. अंपायर सूरज साहू एवं इफ्तेखार अहमद ने मैचों का संचालन किया, वहीं स्कोरर परंबीर सिंह और ऑब्जर्वर मनोज कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही.
शहर में इस टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह देखा गया और इसे हजारीबाग में महिला क्रिकेट को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
