Gumla: राष्ट्रवाद को समर्पित संस्था भारत भारती के बैनर तले पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण अभियान के तहत जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर कोटाम गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान सुरेश सिंह की जमीन पर फलदार और इमारती पौधे लगाए गए. इस अवसर पर संस्था के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह, जिला संयोजक दामोदर कसेरा सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जरूरी
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं. पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है. आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगा. उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे जनअभियान का रूप देने की जरूरत है.
वहीं, जिला संयोजक दामोदर कसेरा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलती पर्यावरणीय परिस्थितियों को देखते हुए वृक्षारोपण बेहद जरूरी है. प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए. पौधा लगाना ही नहीं, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी हमारी जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम में सुरेश सिंह सहित कई सदस्यों ने सहभागिता की
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में अधिक से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाए जाएं, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाले समय में ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिल सके. कार्यक्रम में सुरेश सिंह, जगदीश सिंह, गौरी किंडो, मिला उरांव, पुष्पा देवी, जगनारायण सिंह, शांतनु सिंह, मिलियनी टोप्पो, इलजिलिना टोप्पो, भूपेश सिंह, संजय कुमार तूरी, तेज सिंह, कृष्ण साहू सहित संस्था के कई सदस्यों ने सहभागिता की.
