Hazaribagh: चतरा मोड़ स्थित प्रसिद्ध देवी मंडप में रविवार को 68वां सालाना गांव गुलजारी पूजन समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ. क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर आयोजित पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. महिलाओं और पुरुषों ने देवी मंडप में माथा टेककर क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की.

यज्ञ-हवन के बाद हुआ भंडारा
पूजन समारोह के दौरान यज्ञ और हवन का आयोजन किया गया. हवन के बाद श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया. पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा.
जागरण में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
शाम के बाद मंदिर परिसर में दिनेश सिंह म्यूजिकल जागरण का आयोजन किया गया. जागरण में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए. भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे. गीत-संगीत और भक्ति के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा.
जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना
विधायक मनोज कुमार यादव, विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, मुखिया प्रतिनिधि विनोद सिंह और रामस्वरूप पासवान ने देवी मंडप में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं. इस दौरान विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि चौपारण आध्यात्मिक आयोजनों का बड़ा केंद्र है और चतरा मोड़ स्थित देवी मंडप क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है.
68 वर्षों से कायम है परंपरा
विधायक ने कहा कि 68 वर्षों से लगातार इस परंपरा का निर्वहन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. गांव के गुलजार रहने, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना से आयोजित होने वाली यह पूजा अपनी तरह की अनूठी परंपरा है. मंदिर समिति के सदस्यों ने वर्षों से इस परंपरा को आगे बढ़ाकर मिसाल कायम की है. ऐसी धार्मिक और सामाजिक परंपराओं का संरक्षण और आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए.
समिति के सदस्य और श्रद्धालु रहे मौजूद
समारोह में पूजा समिति के अध्यक्ष घनश्याम यादव, सचिव विष्णु साहू, कोषाध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, मीडिया प्रभारी दिलीप राणा, उपसचिव ब्रह्मदेव यादव, संयोजक सुजीत यादव, हेमराज साहू, प्रशांत राणा, विनोद केसरी, उदय केसरी समेत समिति के दर्जनों सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे.
ALSO READ: चाईबासा: कोल्हान के ऐतिहासिक सेरेंगसिया कोल विद्रोह के महान योद्धा वीर शहीद सरदार पोटो हो के प्रतिमा लगाने की मांग

