Hazaribagh: बिजली चोरी के खिलाफ झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत बरकट्ठा थाना क्षेत्र में 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाना प्रभारी को आवेदन दिया गया है. यह कार्रवाई 13 अगस्त 2026 को विद्युत ऊर्जा चोरी के मामलों को लेकर गठित छापामारी दल की जांच के बाद की गई. विद्युत विभाग की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, जांच के दौरान विभिन्न उपभोक्ताओं द्वारा घरेलू एवं व्यावसायिक विद्युत कनेक्शन से कथित रूप से अवैध तरीके से विद्युत ऊर्जा का उपयोग किए जाने का मामला सामने आया. विभाग ने संबंधित आरोपितों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

आवेदन सूची में है कई लोगों के नाम
आवेदन के साथ संलग्न सूची में संजय कुमार, विनोद प्रसाद, राज प्रसाद, विजय प्रसाद, अशोक प्रसाद, चुनीलाल प्रसाद, लक्ष्मण प्रसाद, दयाल सिंह, रविंद्र सिंह, गोविंद सिंह और वीरेंद्र रविदास के नाम शामिल हैं.विभागीय दस्तावेज के अनुसार अधिकांश मामलों में 10,500 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि निर्धारित की गई है, जबकि संजय कुमार और गोविंद सिंह के मामले में 5,550 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि अंकित है. दो मामलों में क्रमशः 8,761 रुपये और 11,916 रुपये बकाया राशि भी दर्शाई गई है.
थाना प्रभारी से अनुरोध की जाए उचित कानूनी कार्रवाई
विद्युत विभाग ने थाना प्रभारी से अनुरोध किया है कि उक्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले में नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाए. बिजली चोरी के खिलाफ विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध विद्युत उपयोग करने वालों में हड़कंप की स्थिति है.झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड राज्य में बिजली वितरण एवं उपभोक्ता सेवाओं के साथ-साथ बिजली चोरी पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाता रहा है.
ALSO READ :वरिष्ठ पत्रकार निशिकांत की माता का निधन, पटना के फतुहा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

