Jamtara: जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा साप्ताहिक हटिया में 21 अगस्त को धार्मिक टिप्पणी से जुड़े कथित वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. मामले में हिंदू संगठनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने अफरोज आलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इसके बाद वायरल वीडियो पर थानारडीह निवासी भूदेव महतो द्वारा कथित टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद शनिवार रात बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंच गए और घर में तोड़फोड़ की.

पुलिस के साथ भी की गई धक्का-मुक्की
घटना की सूचना मिलते ही कर्माटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने भूदेव महतो को सुरक्षित बाहर निकाला. इस दौरान पुलिस के साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की की गई और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए देवघर और दुमका से अतिरिक्त आईआरबी बल बुलाया गया. पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया.
घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ वसीम रजा, एसडीओ अनंत कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, अंचल अधिकारी चुनाराम हेंब्रम, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि महेंद्र मंडल, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई.
शांति समिति की बैठक में दोनों पक्षों ने रखी बात
रविवार को कर्माटांड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में दोनों समुदायों के लोग शामिल हुए. नावाडीह पंचायत के मुखिया गुल मोहम्मद ने शनिवार रात हुई घटना की निंदा की. उन्होंने क्षेत्र में गांजा, शराब और जुआ के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है.
पुलिस बोली- दोषियों पर होगी कार्रवाई
एसडीपीओ वसीम रजा ने कहा कि अफरोज आलम द्वारा हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद भूदेव महतो द्वारा भी कथित टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है. इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उसके घर को घेर लिया. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला. उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और वाहन में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रही है. मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
विहिप ने भीड़ की कार्रवाई की निंदा की
विश्व हिंदू परिषद के अनूप राय ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद संगठन ने शांतिपूर्ण तरीके से थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी. उन्होंने कहा कि बाद में युवक द्वारा की गई कथित टिप्पणी के आधार पर उसके घर को घेरना और उसके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करना उचित नहीं है. उग्र भीड़ की ऐसी कार्रवाई से किसी की जान को भी खतरा हो सकता था.
जिप प्रतिनिधि ने घटना को बताया निंदनीय
जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि महेंद्र मंडल ने भी घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि वह मौके पर मौजूद थे और बड़ी संख्या में लोगों ने जिस तरह भूदेव महतो के घर को घेरा, वह निंदनीय और चिंता का विषय है. उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में जामताड़ा में इस तरह की गतिविधियां बढ़ रही हैं. हालांकि, यह उनका राजनीतिक आरोप है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
अंधेरा कर घर पर हमला करने का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, थानारडीह गांव में घटना से पहले बिजली काट दी गई थी और अंधेरे का फायदा उठाकर भूदेव महतो के घर पर हमला किया गया. हमले में घर को काफी नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है. घटना के बाद कर्माटांड़ क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है और शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है.
वही पीड़ित भूदेव महतो के पत्नी ममता देवी एवं माता पौधा देवी ने कहा कि बंदूक के नोक पर मारपीट और 50000 नगद समेत जेवरात लूट लिए हैं. बीती रात भीड़ में 8 से 10 लोग घर के अंदर जबरन प्रवेश कर गये और जान से मारने की धमकी भी दी है. वहीं मामले को लेकर जामताड़ा जिले में तनाव की स्थिति बनी है.
यह भी पढ़ें: पलामू:पांकी के दबे-कुचले लोगों की आवाज थे कामरेड आरएन सिंह, श्रद्धांजलि समारोह में याद किए गए संघर्ष

