Hazaribagh: हजारीबाग में शुक्रवार सुबह से हो रही झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है. पिछले कई दिनों से तेज धूप और लू के कहर से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली. शहर और आसपास के इलाकों में सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही. बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. जहां गुरुवार तक जिले का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं शुक्रवार को बारिश के बाद पारा गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. तापमान में आई इस बड़ी गिरावट से मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया.
लोगों को गर्मी और लू से मिली राहत
पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था. दोपहर के समय सड़कें सुनसान हो जा रही थीं और लोग घरों में रहने को मजबूर थे. बारिश के बाद मौसम ठंडा होने से लोगों ने राहत महसूस की. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है.

किसानों के चेहरे भी खिले
बारिश से किसानों में भी खुशी देखी जा रही है. खेतों में नमी आने से खेती-किसानी के कार्यों में सहूलियत मिलेगी. किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश खरीफ फसलों की तैयारी के लिए फायदेमंद साबित होगी. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है. साथ ही तेज हवा और गरज के साथ बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है.
ALSO READ: रातू रोड में हिचकी ठेला नामक होटल में आग लगी, PCR और दमकल ने किया काबू
