हजारीबाग : आसमान से बरस रही आग, पारा 40 डिग्री के पार, दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा

Hazaribagh: हजारीबाग जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप...

Hazaribagh: हजारीबाग जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है. बुधवार को शहर का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहा. तपिश इतनी तेज है कि दोपहर के समय अधिकांश सड़कें सुनसान हो जा रही हैं और लोग घरों में दुबक कर रहने को मजबूर हैं.

यह भी पढ़ें : JAC 10वीं रिजल्टः झारखंड बोर्ड परीक्षा में 95.27% रहा रिजल्ट, 2.26 लाख से अधिक छात्र फर्स्ट डिवीजन से पास

घड़ा और सुराही की बिक्री में बढ़ोतरी

मौसम के आंकड़ों के अनुसार सूर्योदय सुबह 05 बजकर 21 मिनट पर हुआ, जबकि सूर्यास्त शाम 06 बजकर 12 मिनट पर. दिनभर चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी कामों को सुबह या शाम के समय ही निपटा रहे हैं. दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक शहर की मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है. नमी का स्तर मात्र 9 प्रतिशत रहने से गर्मी और अधिक झुलसाने वाली महसूस हो रही है, वहीं वायुमंडलीय दबाव 1007 के स्तर पर दर्ज किया गया है. मौसम के रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में तापमान के 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. गर्मी के बढ़ते असर के बीच बाजार में भी बदलाव साफ नजर आ रहा है. छाता, गमछा, पंखा, कूलर और वातानुकूलन यंत्रों की मांग में अचानक बढ़ोतरी हुई है. वहीं पारंपरिक साधनों की ओर भी लोगों का रुझान बढ़ा है. घड़ा और सुराही खरीदने के लिए कुम्हारों की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है. लोग मानते हैं कि घड़े का पानी शरीर को प्राकृतिक ठंडक देता है और स्वास्थ्य के लिए अधिक लाभकारी होता है. गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नींबू पानी, बेल का शरबत और सत्तू जैसे देसी पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं. शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर इन पेय पदार्थों की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रहती है.

यह भी पढ़ें : यह चुनाव हम नहीं लड़ रहे, खुद यहां की जनता लड़ रही : प्रधानमंत्री

गर्मी में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी : डॉ. आनंद शाही

सदर अस्पताल हजारीबाग के आयुष विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आनंद शाही ने बढ़ती गर्मी को लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धूप सबसे अधिक तीखी रहती है, ऐसे में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए. उन्होंने बताया कि गर्मी के दिनों में शरीर में पानी की कमी सबसे बड़ी समस्या बन जाती है, इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है. डॉ. शाही ने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों में लू लगने का खतरा अधिक होता है. इसके लक्षणों में तेज सिरदर्द, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, शरीर का अत्यधिक गर्म हो जाना या पसीना बंद हो जाना शामिल हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *