शिक्षा को नई रफ्तार: सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट की बैठक में 2 लाख की सहायता, भविष्य की योजनाओं पर मंथन

Palamu: सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट की आम सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक कैंब्रिज पब्लिक स्कूल दुबियाखाड़ में आयोजित की गई, जिसमें ट्रस्ट के...

Palamu: सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट की आम सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक कैंब्रिज पब्लिक स्कूल दुबियाखाड़ में आयोजित की गई, जिसमें ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं आमंत्रित व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. बैठक का उद्देश्य ट्रस्ट की वर्तमान कार्यप्रणाली की समीक्षा करना, शिक्षा से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाना तथा भविष्य की योजनाओं पर व्यापक चर्चा करना था. प्रारंभ में सचिव द्वारा पिछली बैठक की कार्यवाही प्रस्तुत कर अनुमोदन लिया गया.

विद्यालय संचालन और शैक्षणिक प्रगति पर चर्चा

इसके बाद ट्रस्ट द्वारा कैंब्रिज पब्लिक स्कूल के संचालन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन व्यवस्था तथा सामाजिक गतिविधियों में ट्रस्ट की भागीदारी जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई.

ट्रस्ट की आम सभा में सर्वसम्मति से समाजसेवी रंजन यादव, रिंकू मेहता एवं अर्जुन सिंह को संरक्षक बनाया गया, जबकि रौशन कुमार, संजय यादव एवं राजू यादव को सदस्य चुना गया.

संरक्षक रंजन यादव ने दी आर्थिक सहायता

मौके पर संरक्षक रंजन यादव ने कहा कि इस शैक्षणिक ट्रस्ट के संरक्षक के रूप में उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत हर्ष और गर्व का अनुभव हो रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा होती है और शिक्षा का केंद्र हमारा विद्यालय है. इसलिए विद्यालय का विकास केवल एक संस्थान का विकास नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण है.

इस अवसर पर उन्होंने तत्काल दो लाख रुपये की सहायता प्रदान की तथा आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस संस्थान को संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी.

ALSO READ: हजारीबाग : आसमान से बरस रही आग, पारा 40 डिग्री के पार, दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा

शिक्षा के सर्वांगीण विकास पर जोर

संरक्षक रिंकू मेहता ने कहा कि विद्यालय के विकास का अर्थ केवल भवन, कक्षाओं और संसाधनों की वृद्धि नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि आज के युग में ऐसी शिक्षा प्रणाली की आवश्यकता है, जो बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और आत्मविश्वास का विकास करे.

संरक्षक अर्जुन सिंह ने कहा कि अच्छा विद्यालय वही होता है, जहां पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला, विज्ञान और तकनीकी शिक्षा को भी समान महत्व दिया जाता है. उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकगणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक अपने परिश्रम, समर्पण और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के जीवन को संवारते हैं. बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए, जिनमें ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को और व्यवस्थित करना, नई समितियों का गठन करना तथा नियमों के सख्ती से पालन को सुनिश्चित करना शामिल है.

मौके पर सुधीर कुमार मेहता, धीरज कुमार मेहता, संजय वर्मा, शशिकांत यादव, देवानस यादव, आफताब आलम, राजेंद्र पाल, भरदुल सिंह, सतीश कुमार आदि लोग उपस्थित थे. बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष नंद किशोर यादव द्वारा की गई, जबकि संचालन सचिव एसपी दुबे ने किया. अंत में अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए ट्रस्ट के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *