Hazaribagh: शहर के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है. हजारीबाग नगर निगम के महापौर अरविंद कुमार राणा की पहल पर रविवार को वीर कुंवर सिंह स्टेडियम के चारों ओर स्थित लगभग 800 मीटर लंबे बाहरी पथ पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया. वर्षों से झाड़-झंखाड़, खरपतवार और अवांछित पौधों से पूरी तरह ढके इस मार्ग की व्यापक सफाई जेसीबी मशीन की मदद से कराई गई.
बताया गया कि वर्ष 2011 में स्टेडियम के निर्माण के बाद पहली बार इस बाहरी पथ की बड़े स्तर पर सफाई कराई जा रही है. लंबे समय से रखरखाव के अभाव में रास्ता लगभग बंद हो गया था, जिससे सुबह-शाम टहलने वाले नागरिकों, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. घनी झाड़ियों के कारण यहां असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती थी.
सुबह-शाम टहलने वाले नागरिक अब बाहर के ट्रैक का उपयोग कर सकेंगे
महापौर अरविंद कुमार राणा ने स्वयं अभियान की निगरानी करते हुए सफाई कार्य शुरू कराया. इस अभियान में जिला खेल पदाधिकारी का भी सहयोग रहा. करीब एक घंटे के भीतर मार्ग का बड़ा हिस्सा साफ कर दिया गया, जिससे लोगों का आवागमन सुगम हो गया और मॉर्निंग व ईवनिंग वॉक के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सका. मेयर ने कहा कि स्टेडियम के बाहरी पथ के उपयोग में आने से सुबह-शाम टहलने वाले नागरिक अब बाहर के ट्रैक का उपयोग कर सकेंगे. इससे स्टेडियम के अंदर खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए अधिक स्थान मिलेगा और खेल गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा.
मेयर ने कहा कि वर्षों बाद बाहरी पथ की सफाई होने से न केवल आवागमन होगा आसान
उन्होंने बताया कि शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है. इसी क्रम में पूर्व में सेंट स्टीफन विद्यालय के समीप स्थित मैदान की भी सफाई कराकर उसे खेल गतिविधियों के लिए तैयार करने की पहल की गई थी, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए एक अतिरिक्त मैदान उपलब्ध हो सके और वीर कुंवर सिंह स्टेडियम पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके. स्थानीय खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों ने मेयर की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों बाद बाहरी पथ की सफाई होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि स्टेडियम परिसर की सुंदरता और सुरक्षा में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा.
