Hazaribagh: चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 पेटी अंग्रेजी शराब और एक XUV-500 वाहन जब्त किया है. बरामद शराब में कुल 1968 बोतल (180 ml) ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की शामिल है. हालांकि पुलिस को चकमा देकर वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक (SP) हजारीबाग को 26 जुलाई को सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के केन्दुआ मोड़ की ओर से एक सफेद रंग की XUV-500 में अवैध शराब लादकर तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी(SDPO) बरही के नेतृत्व में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार एवं पुलिस टीम ने वाहन जांच अभियान चलाया.
वाहन छोड़कर भाग निकला चालक
पुलिस ने गिद्धी टोला के पास पुल पर वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की XUV-500 (रजिस्ट्रेशन संख्या BR01PH-9361) को रोकने का प्रयास किया.पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की और पीछे की सीट से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई.
1968 बोतल शराब बरामद
पुलिस ने वाहन से ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 41 पेटी, प्रत्येक पेटी में 48 बोतल (180 ml) के हिसाब से कुल 1968 बोतल बरामद की. साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त XUV-500 वाहन को भी जब्त कर लिया गया.
ALSO READ: चाईबासा: सड़क हादसे की गुत्थी सुलझी, पुलिस ने आरोपी बाइक चालक को किया गिरफ्तार
तस्करों की तलाश जारी
पुलिस ने जब्त शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. फरार चालक एवं शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
