Ranchi: राजधानी रांची में हाल के दिनों में गुमशुदगी के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. सीमित संसाधनों और जवानों की कमी के बावजूद रांची पुलिस लापता लोगों की तलाश कर उन्हें सकुशल परिजनों तक पहुंचाने का लगातार प्रयास कर रही है. हाल ही में इटकी और करमटोली से एक महिला और एक युवक के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली है, जिनकी तलाश जारी है.
जवानों की कमी के बीच बढ़ी चुनौती
सूचना मिलते ही रांची पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिला बल में लंबे समय से जवानों की कमी है. ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वीआईपी ड्यूटी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ गुमशुदगी के मामलों की जांच करना चुनौतीपूर्ण हो गया है. हाल के दिनों में नाबालिगों, महिलाओं, युवकों और बुजुर्गों के लापता होने की शिकायतों में भी वृद्धि दर्ज की गई है. पुलिस की टीमें तकनीकी इनपुट, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय नेटवर्क की मदद से लापता लोगों की तलाश कर रही हैं. सीमित मैनपावर के बावजूद पुलिस लगातार खोजबीन अभियान चला रही है और कई मामलों में लापता लोगों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप चुकी है.
परिवारों में लौट रही खुशियां
हाल के दिनों में रांची पुलिस ने कई ऐसे मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया, जिनमें घर से बिना बताए निकले बच्चों और भटके हुए बुजुर्गों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिवारों तक पहुंचाया गया. अपनों के वापस मिलने से परिवारों के चेहरे पर लौटी मुस्कान पुलिस के प्रयासों की सराहना कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बल की कमी एक चुनौती जरूर है, लेकिन किसी भी गुमशुदगी की शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाता. पुलिस सोशल मीडिया, तकनीकी संसाधनों और स्थानीय नेटवर्क की मदद से हर मामले में गंभीरता से कार्रवाई कर रही है.
