हजारीबाग: चौपारण में रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना

Hajaribag: हजारीबाग जिले के चौपारण में 16 जुलाई से शुरू होने वाले तीन दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण...

Hazaribagh
चौपारण में रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में

Hajaribag: हजारीबाग जिले के चौपारण में 16 जुलाई से शुरू होने वाले तीन दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. आयोजन को लेकर शनिवार को अनुमंडल कार्यालय में प्रशासन और दोनों रथयात्रा समितियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, पार्किंग और रथयात्रा मार्ग की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. प्रशासन ने इस वर्ष रथयात्रा में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई है.

बैठक की अध्यक्षता एसडीओ जोहान टुडु ने की . इस दौरान डीएसपी राधा प्रेम किशोर, सीओ संजय यादव, बीडीओ नितेश भास्कर, एसआई दिव्य प्रकाश, स्वास्थ्य, विद्युत एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी, जीटी रोड निर्माण कंपनी के प्रतिनिधि, दोनों रथयात्रा समितियों के पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे .

दोनों रथयात्राओं के मार्ग की हुई समीक्षा

बैठक में दोनों रथयात्राओं के रूट की अलग-अलग समीक्षा की गई. श्री जगन्नाथ रथयात्रा प्रबंधन समिति की रथयात्रा सियरकोनी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर चैथी मोड़ होते हुए मौसी बिगहा (मौसीबाड़ी) तक जाएगी. प्रशासन के अनुसार इसी मार्ग पर सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है. वहीं केशरवानी समाज रथयात्रा समिति की रथयात्रा केशरवानी धर्मशाला से निकलकर चौपारण मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करेगी.

अधिकारियों ने किया रथयात्रा मार्ग का निरीक्षण

बैठक के बाद डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने अधिकारियों और जीटी रोड निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ रथयात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने चैथी मोड़ से चतरा मोड़ तक सड़क पर मौजूद अवरोध हटाने, गड्ढों की मरम्मत, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके अलावा सियरकोनी मंदिर, जीटी रोड और मौसीबाड़ी क्षेत्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया. निर्माण कंपनी को आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए.

 मांस, मछली और शराब बिक्री पर रोक का प्रस्ताव

बैठक में महाराजगंज के साप्ताहिक हाट को लेकर भी चर्चा हुई. प्रस्ताव रखा गया कि रथयात्रा के दिन मांस, मछली एवं शराब की बिक्री पर रोक लगाई जाए और उस दिन साप्ताहिक हाट का आयोजन न किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.

समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में श्री जगन्नाथ रथयात्रा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह, सचिव राजदेव यादव, संयोजक अभिषेक सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह, कोषाध्यक्ष मुनेश्वर गुप्ता, मुखिया गुलाबी यादव, मुखिया प्रतिनिधि बिनोद सिंह, अभिमन्यु भगत तथा केशरवानी समाज रथयात्रा समिति के राजेश केशरी, भोला केशरी, अनिल बर्णवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

शांतिपूर्ण आयोजन का प्रशासन ने दिया भरोसा

बैठक के अंत में प्रशासन ने आश्वस्त किया कि दोनों रथयात्रा समितियों के समन्वय से सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए रथयात्रा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा.

ALSO READ : जमशेदपुर: डीडी बार हत्याकांड में बड़ा खुलासा, CCTV फुटेज से मिले अहम सुराग, राहुल दुबे की तलाश में छापेमारी तेज

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *