Hazaribagh: हजारीबाग. शहर के खिरगांव पुलिया के समीप बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. रेवाली की ओर से स्कूली बच्चों को लेकर शहर की तरफ आ रही विवेकानंद स्कूल की स्कूल वैन सामने से आ रही एक बाइक से जोरदार टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी.हादसे में बाइक सवार दामोदीह निवासी मो. मुख्तार गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बाहर निकालकर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. वहीं, स्कूल वैन में सवार कई स्कूली बच्चों को हल्की चोटें आई हैं. राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं लगी.
पुलिस दुर्घटना के कारणों की कर रही है जांच
घटना के बाद बच्चों में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत वैन से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे खड्ड में उतर गई. हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई.घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. वहीं, हादसे के बाद स्कूल वैन की सुरक्षा व्यवस्था और वाहन संचालन को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं.
ALSO READ : राज्य प्रशासनिक सेवा के तीन अफसरों पर चल रहे विभागीय मामलों में राहत, दो आरोपमुक्त और एक का दंड रद्द
