Ranchi: जिले के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोलंकी स्थित हटिया रेलवे कॉलोनी से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां आपसी पारिवारिक विवाद में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की चापड़ (धारदार हथियार) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 26 वर्षीय आकाश उरांव के रूप में हुई है. आरोपी भाई सूरज उरांव हटिया रेलवे कॉलोनी स्थित एक झोपड़ी में रहता था. बुधवार को दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर सूरज उरांव ने घर में रखे धारदार चापड़ से आकाश उरांव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी
घटना की जानकारी मिलते ही जगरनाथपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भागने की फिराक में लगे आरोपी सूरज उरांव को इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया. वारदात में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.
ALSO READ : रांची : राहे में दिल दहला देने वाली वारदात, कलयुगी बेटे ने मां को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट
