Ranchi: नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के अभियान के तहत डीपीएस चौक से डिप्टी पुल होते हुए अरगोड़ा तक बड़े पैमाने पर कार्रवाई की. सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान नदी किनारे बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया, अवैध मीट दुकान हटाई गई, बिना अनुमति लगे होर्डिंग जब्त किए गए और बिना ट्रेड लाइसेंस चल रही दुकानों को नोटिस जारी किया गया.
आठ अवैध अस्थायी ढांचों को बुलडोजर से हटाया
नगर निगम की टीम ने अरगोड़ा नदी और डिप्टी पुल के पास नदी किनारे बने करीब आठ अवैध अस्थायी ढांचों को बुलडोजर से हटाया. निगम का कहना है कि नदी-नालों के कैचमेंट एरिया को अतिक्रमण मुक्त रखने और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा. अभियान के दौरान अरगोड़ा नदी के पास झारखंड फर्नीचर के समीप संचालित एक अवैध मीट दुकान भी हटाई गई. जांच में पाया गया कि दुकान से निकलने वाले मीट के अवशेष नदी में फेंके जा रहे थे, जिससे बड़ी संख्या में पक्षी जुट रहे थे. यह इलाका फ्लाइंग जोन में होने के कारण बर्ड हिट का खतरा भी बढ़ रहा था. इसके अलावा आसपास बनी अन्य अवैध शेड और दुकानें भी हटाई गईं.

विज्ञापन होर्डिंग को भी जब्त किया
नगर निगम ने सड़क पर बिना अनुमति लगाए गए एक विज्ञापन होर्डिंग को भी जब्त किया और चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध विज्ञापन लगाने वालों पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा. अभियान के दौरान मुख्य मार्ग से जुड़ी गलियों के टर्निंग प्वाइंट पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए. अलकापुरी मार्ग स्थित पार्किंग स्थल पर बना अवैध शेड भी तोड़ा गया ताकि यातायात बाधित न हो. निरीक्षण में करीब 15 दुकानें बिना ट्रेड लाइसेंस के संचालित होती मिलीं. नगर निगम ने सभी दुकानदारों को तीन दिनों के भीतर लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया है. तय समय में लाइसेंस नहीं लेने पर दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए पांच गुमटी और ठेले जब्त किए गए तथा फुटपाथ और रोड फ्लैंक से अतिक्रमण हटाकर आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाया गया.
AlsoRead:लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस आज किस मुंह से दे रही संविधान की दुहाई : आदित्य साहू


