Hazaribagh: विश्व शांति, करुणा, दया और अगाध मानवता के प्रतीक बौद्ध धर्मगुरु परम पूज्य दलाई लामा जी के 91वें जन्मदिवस के पावन अवसर पर शहर में एक भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. ‘भारत-तिब्बत मैत्री मंच’ द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हजारीबाग के सदर विधायक प्रदीप प्रसाद मुख्य रूप से सम्मिलित हुए. इस दौरान उन्होंने दलाई लामा जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की मंगल कामना की. समारोह में मौजूद प्रबुद्ध शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य अतिथियों ने दलाई लामा जी द्वारा दिए गए विश्व शांति और वसुधैव कुटुंबकम के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का सामूहिक संकल्प लिया.
“पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं दलाई लामा के आदर्श”
समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने परम पावन दलाई लामा जी के वैश्विक अवदानों की चर्चा की. विधायक ने कहा कि आज के इस अशांत दौर में दलाई लामा जी का जीवन और दर्शन बेहद प्रासंगिक है. उन्होंने कहा परम पावन दलाई लामा जी का संपूर्ण जीवन करुणा, अहिंसा और मानवता के कल्याण के लिए समर्पित रहा है. उनका यह पावन संदेश सम्पूर्ण विश्व के लिए सदैव एक मजबूत प्रेरणास्रोत है. उनके दिखाए आदर्श हमें समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, सहिष्णुता और निस्वार्थ सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की दिव्य प्रेरणा देते हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि वे परम पावन को उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु प्रदान करें ताकि उनका मार्गदर्शन पूरी मानवता को मिलता रहे.
ALSO READ: भव्य होगा जगन्नाथ रथ मेला-2026, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए व्यापक इंतजाम

शिक्षाविदों और गणमान्यों का जुटा महाकुंभ
इस गरिमामय जन्मोत्सव समारोह की खास बात यह रही कि इसमें हजारीबाग के कई प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी और शिक्षा जगत के दिग्गज एक मंच पर नजर आए. कार्यक्रम में विशेष रूप से विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) चंद्रभूषण शर्मा, विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति बंशीधर रुखियार और भारत-तिब्बत मैत्री मंच के अध्यक्ष सुदेश चंद्रवंशी उपस्थित रहे. सभी वक्ताओं ने दलाई लामा जी के तिब्बती संस्कृति के संरक्षण और विश्व बंधुत्व के प्रयासों की सराहना की.


