Hazaribagh: बरकट्ठा प्रखंड के पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय गंगपाचो की दो छात्राओं ने कबड्डी के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल की है. विद्यालय की छात्रा रिया कुमारी और फूल कुमारी का रांची में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है. दोनों छात्राएं अब खेलो इंडिया के तहत आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी.

विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल
रिया कुमारी और फूल कुमारी के राष्ट्रीय स्तर पर चयन की खबर से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है. छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश प्रसाद ने दोनों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.प्रधानाध्यापक ने छात्राओं की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले खेल शिक्षक हरिकेश सिंह के प्रयासों की भी सराहना की.
शिक्षकों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
प्रधानाध्यापक राजेश प्रसाद ने कहा कि दोनों छात्राओं की उपलब्धि विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और झारखंड का नाम रोशन करेंगी.विद्यालय के शिक्षकों ने भी दोनों खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं.
शिक्षक और एसएमसी अध्यक्ष रहे मौजूद
इस अवसर पर शिक्षक बदरी प्रसाद मेहता, हंसपाल कुमार, प्रदीप कुमार शर्मा, हाशिर मुजफ्फर, बबलू कुमार, राजदेव प्रसाद, कुमारी हेनु, सुभान अली, मनोज कुमार मेहता तथा शिक्षिकाएं भानुमती कुमारी, मधुमिता कुमारी, प्रतिमा कुमारी और संगीता कुमारी मौजूद रहीं. एसएमसी अध्यक्ष जय श्री प्रसाद भी उपस्थित रहे.
ALSO READ: धनबाद-कोयम्बटूर के बीच चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, हजारीबाग रोड होकर होगा परिचालन

