Hazaribagh: यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए धनबाद और कोयम्बटूर के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन किया जाएगा. यह ट्रेन धनबाद से नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड और कोडरमा के रास्ते कोयम्बटूर तक जाएगी.

22 अगस्त को धनबाद से पहली यात्रा
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 22363 धनबाद-कोयम्बटूर अमृत भारत एक्सप्रेस शनिवार, 22 अगस्त 2026 को धनबाद से रवाना होगी. वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 22364 कोयम्बटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को कोयम्बटूर से धनबाद के लिए चलेगी.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में घर-घर कचरा संग्रहण की नई पहल, प्रत्येक घर को उपलब्ध कराया जाएगा विशेष कार्ड
हजारीबाग रोड समेत कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ
इस ट्रेन के परिचालन से धनबाद, गोमोह, पारसनाथ, हजारीबाग रोड और कोडरमा क्षेत्र के यात्रियों को दक्षिण भारत की ओर आवागमन में सुविधा मिलेगी. विशेष रूप से हजारीबाग रोड और आसपास के यात्रियों के लिए यह ट्रेन महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
22 कोचों के साथ चलेगी ट्रेन
अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच होंगे. इसमें एलएसएलआरडी के दो, अनारक्षित श्रेणी के 11, शयनयान श्रेणी के आठ तथा एक पैंट्री कार शामिल है. रेलवे के अनुसार ट्रेन का परिचालन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है. रेलवे की ओर से जारी विज्ञप्ति में वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने इसकी जानकारी दी.

