हजारीबाग के निर्मल महतो पार्क को मिलेगा नया और आकर्षक स्वरूप, मेयर अरविंद राणा ने दिए कई अहम निर्देश

Hazaribagh : हजारीबाग के प्रमुख मनोरंजन स्थलों में से एक निर्मल महतो पार्क की सूरत जल्द ही बदलने वाली है. शहरवासियों को...

Nirmal Mahto Park to get a new and attractive look.

Hazaribagh : हजारीबाग के प्रमुख मनोरंजन स्थलों में से एक निर्मल महतो पार्क की सूरत जल्द ही बदलने वाली है. शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं देने और पार्क को और अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से मेयर अरविंद राणा ने पार्क का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वहां की वर्तमान स्थिति और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के बाद मेयर ने पार्क के कायाकल्प को लेकर संबंधित अधिकारियों और पार्क अधीक्षक को प्राथमिकता के आधार पर कई कड़े और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. मेयर अरविंद राणा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पार्क में कई कमियां पाई गईं, जिन्हें तुरंत दुरुस्त करने की जरूरत है. पार्क के सौंदर्यीकरण को बढ़ाते हुए यहां नया फव्वारा लगाने और बच्चों के मनोरंजन के लिए आधुनिक व नए झूले स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही पार्क के लॉन को दुरुस्त रखने के लिए घास काटने की मशीन तुरंत उपलब्ध कराने को कहा गया है. मेयर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि पार्क की नियमित साफ-सफाई, पेड़-पौधों की हरियाली और रख-रखाव में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

जर्जर और सूखे पेड़ों की होगी छंटाई, सुरक्षा को लेकर लिया फैसला

पार्क में आने वाले सैलानियों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेयर ने एक और महत्वपूर्ण निर्देश दिया है. उन्होंने पार्क के भीतर मौजूद वैसे पेड़ जो पूरी तरह सूख चुके हैं या जर्जर अवस्था में हैं, उन्हें चिह्नित कर अविलंब कटवाने को कहा है. साथ ही, जिन पेड़ों की टहनियां अत्यधिक फैल गई हैं और जिनसे दुर्घटना का खतरा बना रहता है, उनकी वैज्ञानिक तरीके से छंटाई करने का आदेश दिया गया है, ताकि यहां आने वाले नागरिक खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर सकें. निर्मल महतो पार्क के समग्र और सुनियोजित विकास के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है. मेयर ने स्पष्ट किया कि इस महत्वाकांक्षी सौंदर्यीकरण योजना को धरातल पर उतारने के लिए आगामी नगर निगम बोर्ड की बैठक में एक विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा और इसे सर्वसम्मति से पारित कराया जाएगा. इस योजना का मुख्य लक्ष्य निर्मल महतो पार्क को हजारीबाग के सबसे प्रमुख और आधुनिक पर्यटन व आकर्षण स्थलों की सूची में शामिल करना है. मेयर अरविंद राणा ने अपने निरीक्षण के अंत में दोहराया कि जनसहभागिता और सुनियोजित विकास के माध्यम से हजारीबाग को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाना ही उनका मुख्य संकल्प है और इस दिशा में नगर निगम की टीम निरंतर काम कर रही है.

Also Read : झारखंड में 29 जुलाई तक हर वोटर को भरना होगा एन्यूमरेशन फॉर्म, जानें कैसे भरना है फॉर्म

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *